महिलाओं को सुदृढ़ बनाने में जीविका ने सराहनीय भूमिका निभाई है। इसके माध्यम से न केवल महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन हुआ है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के कई परिवारों की आर्थिक स्थिति में भी अपेक्षित सुधार आया है। उप विकास आयुक्त दयानंद मिश्र मंगलवार को जिला परिषद के सभागार में आयोजित महिला सशक्तिकरण समागम कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान डीडीसी ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं स्वयं सहायता समूह के माध्यम से खुद कार्य कर परिवार के लोगों की आर्थिक दशा को दुरुस्त कर रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को नयी उत्पाद नीति के अन्तर्गत मद्य निषेध के संबंध में व्यापक प्रचार प्रसार करने का आग्रह किया। इस कार्यक्रम में विभिन्न स्वयं सहायता समूह की करीब ढाई सौ महिलाओं ने भाग लिया। इस मौके पर जीविका के डीपीएम ने जीविका की ओर से अबतक किये गये कार्यो के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अबतक जिले के 1380 राजस्व ग्रामों में से 697 गांवों में स्वयं सहायता समूहों का गठन किया जा चुका है। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष चंदा सिंह के अलावा कई अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।