प्रखंड के कोरेया हाई स्कूल के खेल मैदान में चल रहे स्वर्गीय बच्चा राय उपेंद्र राय मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच सोमवार को सिवान और नासिक के बीच खेला गया। जिसमें नासिक की टीम ने सिवान की टीम को हरा कर शील्ड पर कब्जा जमा लिया। इसके पूर्व इस मैच का उद्घाटन सूबे के खेल मंत्री शिवचंद्र राम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा गेंद को किक कर किया गया। इस मैच की शुरुआत होते ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का परिचय दिया। इस दौरान निर्धारित अवधि में दोनों टीम दो दो गोल दाग कर बराबरी पर रहीं। जिसे देखते हुए निर्णायक मंडल ने दोनों टीमों को पेनाल्टी शुटआउट का अवसर दिया। जिसमें नासिक की टीम ने सिवान के दो गोल के मुकाबले चार गोल दागकर ट्राफी पर कब्जा जमा लिया। इस प्रतियोगिता में मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार सिवान के गेनियल तथा मैन आफ द मैच का पुरस्कार नासिक के लारेन को दिया गया। इस अवसर पर विधायक रामसेवक सिंह, विधायक मोहम्मद नेमतुल्लाह, जदयू जिलाध्यक्ष प्रमोद पटेल, राजद जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक रेयाजुल हक राजू, पूर्व विधायक किरण राय, जिला परिषद उपाध्यक्ष अंकुर राय, मुखिया पप्पू राय, मुकुल राय सहित काफी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।