प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली में रविवार को रतन सराय के ग्रामीणों के हंगामे तथा तोड़फोड़ किये जाने से आक्रोशित चिकित्सक तथा स्वास्थ्य कर्मी सोमवार को कामकाज ठप कर हड़ताल पर चले गए। इस दौरान चिकित्सक सुरक्षा देने की मांग को लेकर धरना पर बैठ गए। हालांकि बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा तथा तोड़फोड़ करने वालों पर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को शांत कराया। जिसके बाद वे काम पर वापस लौट गए।
बीते रविवार को रतनसराय गांव निवासी 21 सुनील कुमार की करंट की चपेट में आने से हालत बिगड़ गयी। ग्रामीणों ने युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इस बीच चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान अस्पताल में जमकर तोड़ फोड़ भी किया गया और चिकित्सकों से बदसलूकी भी की गयी। इस घटना से आक्रोशित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक तथा स्वास्थ्य कर्मी सोमवार को काम ठप कर हड़ताल पर चले गए और हंगामा करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए धरना पर बैठ गए। धरना को संबोधित करते हुए चिकित्सा प्रभारी डा. शाहिद नजमी ने कहा कि जब तक हमला करने वालों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तथा अस्पताल में पुलिस बल के जवान तैनात नहीं किया जाता, तब तक चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी काम काज नहीं करेंगे। हालांकि बाद में चिकित्सक तथा स्वास्थ्य कर्मियो के हड़ताल पर चले जाने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अजय कुमार ने हंगामा करने वालों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर चिकित्सक तथा स्वास्थ्य कर्मियों को शांत कराया। जिसके बाद वे काम पर वापस लौट गए। धरना देने वालों में डा. शाहिद नजमी, डा. देवकांत, डा. आनंद सहित सभी स्वास्थ कर्मी शामिल रहे।
तोड़फोड़ मामले में सात पर प्राथमिकी
बरौली प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र हंगामा तथा तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी अभियान शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि रविवार को प्राथमिकी स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा करने तथा तोड़फोड़ करने के मामले में चिकित्सा प्रभारी डा. शाहिद नजमी के बयान पर रतनसराय गांव निवासी रोहित शर्मा, संतोष शर्मा, गुड्डू शर्मा, श्रीराम, बहादुर सहित सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।