आठ चरण में जिले के चौदह प्रखंड में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर मतदान केन्द्रों की संख्या को अंतिम रूप से स्वीकृति मिल गयी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने पूरे जिले में कुल 3268 मतदान केन्द्रों को बनाए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। पूर्व में जिले में 3400 से अधिक बूथ बनाए जाने को लेकर प्रस्ताव तैयार किया गया था।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पूरे जिले में 7174 पदों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर प्रत्येक वार्ड के हिसाब से मतदान केन्द्र बनाया जाना था। बावजूद इसके कई वार्ड में सात सौ तक मतदान होने के कारण इन वार्डो में मतदान केन्द्रों की संख्या बढ़ाने को लेकर प्रस्ताव तैयार किया गया था। सभी प्रखंड से मिले प्रस्ताव को आयोग की मंजूरी के लिए भेजा गया। विभागीय सूत्रों ने बताया कि आयोग ने वार्ड स्तर पर मतदाताओं की संख्या को देखते हुए 3177 वार्ड के लिए 3177 मतदान केन्द्रों के अलावा कुल 91 सहायक मतदान केन्द्रों को अंतिम रूप से मंजूरी दी है। यानि इसी मतदान केन्द्र की सूची के अनुसार जिले में आठ चरण में पंचायत चुनाव कराया जाएगा। आयोग ने निर्धारित किये गये बूथों पर मतदाताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया है। ताकि मतदान का कार्य शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गये। आयोग की ओर से मतदान केन्द्रों की सूची को अंतिम स्वीकृति दिये जाने के बाद बूथों के रंगरोगन से लेकर मतदान केन्द्र की संख्या आदि अंकित करने का कार्य जल्द ही प्रारंभ हो जाएगा।
सदर प्रखंड में सर्वाधिक सहायक मतदान केन्द्र
सदर प्रखंड में सबसे अधिक सहायक मतदान केन्द्र बनाए जाएंगे। आयोग से मिली स्वीकृति के अनुसार जिले में बनाए जाने वाले कुल 91 सहायक मतदान केन्द्रों में से सबसे अधिक 13 सहायक मतदान केन्द्र गोपालगंज प्रखंड में बनाए जाएंगे। जबकि सिधवलिया, थावे तथा फुलवरिया प्रखंड में सबसे कम तीन-तीन सहायक मतदान केन्द्र बनाए गये हैं।
कहां बनाए जाएंगे कितने बूथ
प्रखंड मूल बूथ सहायक बूथ
बैकुंठपुर 290 06
बरौली 289 03
भोरे 238 08
गोपालगंज 210 13
हथुआ 296 04
कटेया 155 05
कुचायकोट 432 10
फुलवरिया 167 03
सिधवलिया 179 03
थावे 150 03
विजयीपुर 187 09
मांझा 261 11
पंचदेवरी 128 08
उंचकागांव 195 04
कुल 3177 91