सड़क पर दौड़ रही जुगाड़ गाड़ी वाहनों के साथ ही खुद जुगाड़ गाड़ी में सवार लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। शनिवार की सुबह गोपालगंज-मीरगंज मुख्य पथ पर वृंदावन गांव के समीप जुगाड़ गाड़ी को बचाने के चक्कर में सवारियों से भरी एक बस सड़क किनारे पलट गयी। इस बीच बचने के चक्कर में जुगाड़ गाड़ी भी सड़क पर पलट गयी। इस हादसे में बस तथा जुगाड़ गाड़ी में सवार एक दर्जन लोग लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बस का शीशा तोड़ कर घायलों को बाहर निकाल कर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
बताया जाता है कि गोपालगंज से बजरंग ट्रांसपोर्ट कंपनी की एक बस सवारी लेकर सिवान जा रही थी। बस अभी उचकागांव थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के समीप पहुंची ही थी कि मजदूरों को लेकर आ रही एक जुगाड़ गाड़ी अचानक बस के सामने आ गयी। बताया जाता है कि बस के सामने जुगाड़ गाड़ी को आता देख टक्कर से बचने के बस चालक ने ब्रेक लगाते हुए बस को तेजी से बांयी तरफ काटा। जिससे बस सड़क के किनारे पलट गयी। इस दौरान टक्कर से बचने के चक्कर में जुगाड़ गाड़ी भी सड़क पर पलट गयी। इस हादसे में बस तथा जुगाड़ गाड़ी में सवार एक दर्जन लोग घायल हो गए। बताया जाता है कि इस हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बस का शीशा तोड़ कर उसमें से घायलों को निकाला तथा सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में बस में सवार मुजफ्फरपुर निवासी निशांत झा तथा जुगाड़ गाड़ी पर सवार पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी मेराजुद्दीन शेख, जहांगीर शेख, अफजल शेख, आमीर शेख, अरुणा शेख, रसूल शेख सहित एक दर्जन लोग शामिल हैं।