विद्यालय का छज्जा गिरने पर भड़के ग्रामीण, हंगामा

प्रखंड क्षेत्र के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुर टोला बिलरूआ में निर्माणाधीन विद्यालय भवन का छज्जा व दीवार का एक हिस्सा टूटकर सोमवार को गिर पड़ा। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बावजूद इसके विद्यालय का छज्जा व दीवार टूटने की घटना सामने आने के साथ ही ग्रामीण उग्र हो गये तथा विद्यालय में पहुंच जमकर हंगामा किया। ग्रामीण भवन के निर्माण में घटिया सामानों का प्रयोग करने का आरोप लगा रहे थे।

इसके पूर्व सोमवार को अचानक निर्माणाधीन विद्यालय की दीवार व छज्जा टूट कर गिर पड़ा। घटना के समय विद्यालय परिसर में कोई भी नहीं था। अन्यथा कोई भी बड़ी घटना हो सकती थी। निर्माणाधीन भवन का छज्जा व दीवार टूटने की खबर मिलने के साथ ही ग्रामीण जमा हो गये तथा हंगामा करना शुरु कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि विद्यालय भवन में काफी अनियमितता बरती गयी है। जिसके कारण विद्यालय भवन का छज्जा और दीवार गिर गया। ग्रामीणों का आरोप था कि विद्यालय में शुरु से ही भवन निर्माण को लेकर लापरवाही बरती जा रही थी। ईट, बालू, सीमेंट व गिट्टी में कहीं से भी गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया है। इससे जुड़े अभियंता ने भी इस मामले की देखरेख नहीं की और विद्यालय के प्रधानाध्यापक अपने मनमानी से निर्माण कार्य को जारी रखा। जिसके कारण यह घटना घटी। स्कूल में घंटों हंगामा के बाद ग्रामीण प्रखंड कार्यालय पहुंच गये तथा बाद में ग्रामीण प्रखंड कार्यालय में पहुंच गये। जहां बीडीओ सोनू कुमार ने ग्रामीणों की शिकायतों को सुना। ग्रामीणों ने बीडीओ से विद्यालय भवन को लेकर अनियमितता में शामिल दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की। उधर बीडीओ सोनू कुमार ने ग्रामीणों को पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा समाप्त हुआ।

Ads:






Ads Enquiry