उचकागांव: प्रियंका हत्याकांड में पुलिस जल्द करेगी कुर्की की कार्रवाई

उचकागांव थाना क्षेत्र के ब्रह्माइन गांव में हुई प्रियंका की हत्या के मामले में फरार सभी आरोपितों की संपत्ति की जल्द ही कुर्की की जाएगी। प्रियंका देवी के भाई के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस घटना के बाद घर छोड़ कर फरार आरोपितों की धर पकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
बताया जाता है कि गोपालपुर थाना क्षेत्र के सोनहुला गोखुल गांव निवासी मंटू कुमार की बहन की शादी करीब दो साल पूर्व उचकागांव थाना क्षेत्र के ब्रह्माइन गांव निवासी रंजीत राय के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग प्रियंका देवी को बोलेरो की मांग को लेकर हमेशा प्रताड़ित करते रहते थे। इसी बीच पांच दिन पूर्व गत सात नवंबर को प्रियंका देवी के पति रंजीत राय, ससुर केशव राय सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने उसके शरीर पर मिट्टी का तेल डालकर उसको बुरी तरह से जला दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रियंका देवी का भाई मंटू कुमार उसके घर पहुंचा तथा आसपास के लोगों की मदद से उसे गंभीर रूप से जली अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के भाई मंटू कुमार के बयान पर घटना की थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। जिसमें प्रियंका के पति रंजीत राय, ससुर केशव राय, निक्की देवी, मनु कुमारी, सहित सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को सदर अस्पताल से ही गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य सभी आरोपी घर छोड़ कर फरार हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर उचकागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से मंजूरी मिलने के बाद उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।

मां को तलाश रही सात माह की बच्ची की निगाहें
 उचकागांव थाना क्षेत्र के ब्रह्माइन गांव में दहेज के लिए प्रियंका देवी की हत्या के बाद सबसे अधिक पीड़ा उसकी सात माह की नवजात बेटी झेल रही है। सात माह की दुधमुंही बच्ची की निकाहें अपनी मां को ढूंढ रही है। मृतका के भाई मंटू कुमार ने बताया कि सात माह की बच्ची को क्या पता कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं है। उसकी निगाहें हर वक्त अपनी मां को तलाशती है। ऐसे में बच्ची भी हमेशा रोती बिखलती रहती है।

Ads:






Ads Enquiry