गोपालगंज: बाढ़ पीड़ितों को मिलेगा प्रति हेक्टेयर 13,500 रुपये मुआवजा

छह अंचलों में आए भीषण बाढ़ के कारण बर्बाद हुई फसल के सर्वे का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। सर्वेक्षण के बाद बाढ़ पीड़ितों को बर्बाद हुई फसल का मुआवजा देने के लिए राशि का निर्धारण कर दिया गया है। जिला कृषि कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि धान के नुकसान पर किसानों को प्रति हेक्टेयर 13,500 रुपये का मुआवजा मिलेगा। यह मुआवजा धान के अलावा मक्का व सब्जी की खेती को हुए नुकसान पर दिया जाएगा। अलावा इसके गन्ने की फसल को हुए नुकसान पर 18,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से मुआवजा दिया जाएगा।
कृषि विभाग ने फसल को लेकर मिलने वाली मुआवजा राशि का दर बकायदा निर्धारित कर दिया है। सारण तटबंध टूटने से जिले में आई विनाशकारी बाढ़ में कुचायकोट, गोपालगंज, बरौली, मांझा, सिधवलिया तथा बैकुंठपुर प्रखंड में भारी तबाही मची थी। इस तबाही में आठ लाख हेक्टेयर में लगी धान, गन्ना, सब्जी, अरहर, उरद, मुंग व मडुआ के अलावा गन्ने की फसल को भी नुकसान पहुंचा था। गंडक नदी के प्रकोप से बर्बाद हुई फसल के एवज में किसानों को मुआवजा राशि दिए जाने का सरकार ने निर्णय लिया है। बाढ़ में बर्बाद हुई फसल के अलावा कच्च्चे व पक्के मकानों की क्षति पर भी प्रभावित परिवार के लोगों को मुआवजा दिया जाना है। हालांकि अबतक प्रशासनिक स्तर पर बाढ़ से हुई क्षति का पूर्ण आकलन का कार्य नहीं किया जा सका है।

सरकार को क्षति के अंतिम रिपोर्ट का इंतजार
 कृषि विभाग के सूत्रों ने बताया कि बाढ़ से हुई फसल की क्षति के संबंध में अबतक पूरी रिपोर्ट तैयार नहीं हो सकी है। करीब आधे प्रखंड में बाढ़ से हुए नुकसान की अंतिम रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जैसे ही अंतिम रिपोर्ट सरकार को उपलब्ध कराई जाएगी, सरकार के स्तर पर मुआवजा दिए जाने के लिए राशि विमुक्त की जाएगी। वैसे बाढ़ आने के तत्काल बाद प्रशासनिक स्तर पर प्रारंभिक आकलन रिपोर्ट भेजे जाने के बाद प्रारंभिक राशि सरकार स्तर पर उपलब्ध कराई गई थी। जिसके बाद बाढ़ पीड़ित प्रत्येक परिवार को छह-छह हजार रुपये की राशि उनके खाते में देने की कवायद की गई। वैसे यह बात अलग है कि करीब 25 प्रतिशत बाढ़ पीड़ित परिवारों को अबतक यह राशि बैंकों की मनमर्जी के कारण नहीं प्राप्त हो सकी है।

किस फसल पर मिलेगा कितना अनुदान
फसल अनुदान राशि प्रति हेक्टेयर
धान 13,500
मक्का 13,500
सब्जी 13,500
अरहर 6,800
उड़द 6,800
मुंग 6,800
मडुआ 6,800
गन्ना 18,000
केला, अमरूद 18,000

Ads:






Ads Enquiry